हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा, खाई में कार गिरने से छह लोगों की मौत

हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा, खाई में कार गिरने से छह लोगों की मौत

हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसाखाई में कार गिरने से छह लोगों की मौत

 चंबा । जिला चंबा के उपमंडल चुराह में वीरवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा भंजराडू-शहवा-भड़कवास मार्ग पर पधरी के समीप उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अचानक मोड़ पर नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधा गहरी खाई में जा समाई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और सभी सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में जान गंवाने वालों में राजेश कुमार (40) पुत्र नरेन सिंह, उनकी पत्नी हंसो (36), बेटी आरती (17) और बेटा दीपक (15) निवासी गांव बुलवास, डाकघर जुंगरा शामिल हैं। इनके अलावा राकेश कुमार (44) पुत्र हरि सिंह निवासी गांव बुलवास और हेम पाल (37) पुत्र इंदर सिंह निवासी गाँव सलांचा, डाकघर भंजराडू भी इस हादसे के शिकार हुए। सभी मृतक तहसील चुराह, जिला चंबा के निवासी थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचित किया। रात का समय होने और स्थल के अत्यधिक दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला।इस हृदयविदारक हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के गांवों में मातम का माहौल है और हर आंख नम है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।चंबा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्गम स्थल और रात का समय होने के बावजूद सभी शवों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया। मृतकों के परिजनों को सूचित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की संभावना सामने आई है, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों से सावधानी बरतने और वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई है।

सीएम सुक्खू ने जताया दुख

घटना पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी दुख जताया है। सीएमओ द्वारा एक्स पर लिखा गया कि चंबा जिला के तीसा के चनवास में हुई कार दुर्घटना में 6 लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

कुलदीप सिंह पठानियां  ने जताया दुख  

हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने जिला चम्बा के तीसा उपमण्डल के समीप शाहवा पधरी नामक स्थान पर हुए भयानक तथा दिल दहलाने वाले सड़क हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है। गौरतलब है कि उक्त स्थान पर गत रात्री कार संख्या HP 44-4246 दुर्घटना ग्रस्त हुई है जिसमें एक ही परिवार के 4 सदस्य तथा 2 अन्य यात्री सवार थे जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।

          अपने शोक सन्देश में पठानियां ने कहा‍ कि यह दुर्घटना हृदय विदारक, आकस्मिक तथा अकाल मृत्यू पूर्ण थी जिसे भुलाया नहीं जा सकता। पठानियां ने शोक संतप्त परिवार  के प्रति अपनी गहरी संवदेना प्रकट की हैं तथा मृतकों की आत्मा की शान्ति की प्रार्थना की है। पठानियां ने जिला प्रशासन को इस मुश्किल घड़ी में परिजनों को पूर्ण सहयोग तथा हर सम्भव सहायता मुहैया करवाने के निर्देश दिए हैं।

          पठानियां ने प्रदेश के सभी नागरिकों से भी आग्रह किया है कि बरसात के दिनों में सड़कों  की स्थिती खराब होने की वजह से अपने वाहन को नियंत्रित तरीके से चलाएँ तथा सावधानी बरतते हुए सुरक्षित अपने गणतव्य तक पहुँचें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *